हमला करने वाले पूर्व छात्रसंघ सचिव पर एक और मुकदमा
पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर अज्ञात छात्रों की कर रही है पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। 17 नवंबर को बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनावों के नतीजे के बाद हुए हंगामे में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित छात्र की शिकायत पर बिड़ला परिसर के पूर्व छात्रसंघ सचिव राम प्रकाश के खिलाफ हमला करने, मारपीट, जान से मारने की धमकी और गाली-गलौज की धाराएं लगाई गई हैं। घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें आरोपी छात्र किसी चीज से हमला करते हुए दिखाई दे रहा है।
गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव परिणाम के बाद छात्रों के दो गुटों में झड़प हो गई थी। विवि गेट के समीप और कमलेश्वर मोहल्ले में काफी देर तक हंगामा होता रहा। मामले में कमलेश्वर की महिलाओं, छात्राओं और छात्रों की शिकायत पर पुलिस पहले ही छात्रों के खिलाफ केस दर्ज कर चुकी थी।
अब एक छात्र मोहित राणा की तहरीर मिलने पर 18 नवंबर की रात पुलिस ने एक और केस दर्ज किया है। बाजार चौकी इंचार्ज एसआई रणवीर रमोला ने बताया कि मोहित ने शिकायत की है कि राम प्रकाश ने विवि गेट के समीप राम प्रकाश निवासी डागर (टिहरी) ने उस पर जानलेवा हमला किया। पेन से उसकी आंख फोड़ने की कोशिश की। राम प्रकाश के खिलाफ 17 नवंबर को भी बलवा व मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज है। उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम में दो एफआईआर दर्ज हो चुकी है। घटना से संबंधित वीडियो फुटेज एकत्रित की गई है। फुटेज देखकर हंगामा और मारपीट करने वालों के खिलाफ भी नामजद रिपोर्ट दर्ज होगी।