पौड़ी। राजकीय शिक्षक संघ ने बीरोंखाल के प्रभारी खंड शिक्षाधिकारी पर ब्लाॅक कार्यकारिणी के पदाधिकारी का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। इस दौरान संघ ने मुख्यशिक्षाधिकारी को ज्ञापन देकर समस्या का हल निकालने की मांग की है। कहा कि जल्द ही समस्या का हल नहीं निकाले जाने पर संघ उग्र आंदोलन करेगा। मुख्यशिक्षाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में राजकीय शिक्षक संघ के जिलामंत्री विजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा है कि बीरोंखाल के प्रभारी खंडशिक्षाधिकारी द्वारा संघ के बीरोंखाल के ब्लाॅक अध्यक्ष का उत्पीड़न किया जा रहा है। कहा कि बीरोंखाल के ब्लाॅक अध्यक्ष लगातार शिक्षकों की समस्याएं प्रमुखता से उठाते रहते हैं। इस वजह से प्रभारी खंडशिक्षाधिकारी अनुश्रवण के नाम पर उक्त शिक्षक का उत्पीड़न कर रहे हैं। कहा कि इससे संघ में नाराजगी बनी हुई है। उन्होंने जल्द ही समस्या का हल निकालने की मांग की है। वहीं, प्रभारी मुख्यशिक्षाधिकारी आरएस नेगी ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी खंड शिक्षाधिकारी बीरोंखाल विवेक पंवार ने शिक्षक संघ के आरोपों को बेबुनियाद बताया। कहा कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों से जांच करवाई जाएगी।