कीर्तिनगर। दुगड्डा-ककड़पाली-कोटी मोटर मार्ग निर्माण में अनियमितताओं को लेकर प्रभावित ग्रामीणों ने सोमवार को पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन भेजकर उच्च स्तरीय तकनीकी जांच और संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की। पीएमजीएसवाई कार्यालय नैथाणा पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क चौड़ीकरण, कटिंग, डंपिंग जोन, पुस्ता निर्माण और डामरीकरण सहित विभिन्न चरणों में गुणवत्ता संबंधी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और विभागीय अधिकारियों से शिकायतों के बावजूद सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि डामरीकरण के दौरान धूल, मिट्टी और पुरानी उखड़ी गिट्टियों को हटाए बिना ही कोलतार बिछाया जा रहा है। उन्होंने हाल ही में इसी मार्ग पर हाईवा दुर्घटना में चालक की मौत का जिक्र करते हुए सुरक्षा मानकों की निष्पक्ष जांच की मांग की। ज्ञापन में निर्माण कार्य की स्वतंत्र तकनीकी जांच, गुणवत्ता परीक्षण, दोषी ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने, प्रभावित ग्रामीणों को राहत-क्षतिपूर्ति देने और अंतिम भुगतान से पहले थर्ड पार्टी जांच कराने की मांग की गई। ज्ञापन पर अनूप नेगी, तनुज बडोनी, सतेंद्र भट्ट, सुनय, अंचल नेगी सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।