श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर में आइसा छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने छात्र हितों से जुड़ी मांगों के लिए सोमवार से हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। छात्रसंघ उपाध्यक्ष शिवांक नौटियाल के नेतृत्व में चल रहे हस्ताक्षर अभियान में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिड़ला परिसर स्थित केंद्रीय पुस्तकालय में वाईफाई सुविधा संचालित किए जाने, बिड़ला एवं चौरास परिसर के पुस्तकालयों में हीटर की व्यवस्था किए जाने, पुस्तकालयों में पर्याप्त संख्या में एक्सटेंशन प्लग व बोर्ड उपलब्ध कराए जाने, बिड़ला एवं चौरास परिसर के शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और विश्वविद्यालय के दोनों पुस्तकालयों के रीडिंग रूम में पढ़ने के लिए समय सीमा सुबह 6 बजे से रात्रि 12 बजे तक किए जाने की मांग की। मौके पर पूर्व छात्रा प्रतिनिधि प्रियंका, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अंकित उछोली, अतुल सती आदि मौजूद रहे।