गढ़वाल विवि श्रीनगर के चौरास परिसर में कृषक कार्यशाला एवं नि:शुल्क सर्विस कैंप में मौजूद अतिथि
श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय कृषक कार्यशाला एवं निशुल्क सर्विस कैंप आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के उद्यान विभाग एवं यांत्रिक अभियंत्रण विभाग ने कृषि विभाग टिहरी के सहयोग से किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. विजय देवराड़ी, प्रो. एमएस पंवार और प्रो. एचबीएस चौहान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कीर्तिनगर ब्लॉक सहित आसपास के गांवों से पहुंचे किसानों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह ने कहा कि आधुनिक कृषि उपकरण किसानों की मेहनत कम कर उत्पादन और आय बढ़ाने में सहायक हैं। मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. विजय देवराड़ी ने पर्वतीय क्षेत्रों के लिए कम लागत वाले कृषि यंत्रों को उपयोगी बताते हुए सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यशाला समन्वयक प्रो. बृजेश गंगिल, उद्यानिकी विभागाध्यक्ष डॉ. डीके राणा और कार्यक्रम संयोजक डॉ. टीएस बिष्ट ने किसानों को कृषि यंत्रों के सुरक्षित संचालन, रख-रखाव और तकनीकी प्रशिक्षण की जानकारी दी। तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों ने कृषि यंत्रों का लाइव प्रदर्शन भी किया। अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।