तहसील पौड़ी के ग्राम ग्राम पंचायत बैडगांव में एक बुजुर्ग महिला को जान से मारने की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया है। बुजुर्ग अपने घर में अकेले रहती थी। बेटे की शिकायत पर राजस्व पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।
तहसील पौड़ी के ग्राम पंचायत बैडगांव में बीती 10 अगस्त की रात को 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला गुड्डी देवी के साथ गांव के ही एक परिवार के सदस्यों ने जबरन घर में घुसकर मारपीट की थी। बुजुर्ग गुड्डी देवी के तीन बेटे हैं जो दिल्ली रहते हैं। ग्रामीणों की ओर से घटना की सूचना देने के बाद उनके बेटे गांव पहुंचे थे। 11 अगस्त को बुजुर्ग महिला के बेटे अनिल कुमार ने मां को मेडिकल कालेज श्रीनगर में भर्ती कराया था और मामले में आरोपी प्रेम प्रकाश, पत्नी मंजू देवी व उनकी दो बेटियों के खिलाफ राजस्व पुलिस को 12 अगस्त को नामजद तहरीर दी थी। राजस्व पुलिस ने जान से मारने की कोशिश, लूटपाट, मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद मामले की जांच रेगुलर पुलिस को सौंपी गई। विवेचना अधिकारी एसआई पूनम शाह ने बताया कि बुजुर्ग महिला की हत्या की कोशिश में आरोपी प्रेमप्रकाश को उसके घर बैडगांव से गिरफ्तार किया। आरोपी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर आरोपी को जिला कारागार खांड्यूसैण भेज दिया गया है।