पौड़ी। गढ़वाल विवि में रिक्त सीटों पर मेरिट के आधार पर छात्रों को प्रवेश देने समेत तीन सूत्री मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने बीजीआर परिसर पौड़ी के प्रशासनिक भवन में तालाबंदी की। इसके बाद उन्होंने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। छात्रसंघ उपाध्यक्ष आयुष रावत ने सीयूईटी प्रवेश परीक्षा के आधार पर उत्तराखंड के छात्र-छात्राओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने, गढ़वाल विवि से स्नातक करने वाले छात्रों को स्नातकोत्तर में 5 प्रतिशत वेटेज देने की भी मांग की। कहा कि जब तक विवि उनकी मांगों को नहीं मानता धरना जारी रहेगा। धरना देने वालों में एबीवीपी पौड़ी विभाग के सह-संयोजक ऋत्विक सिंह असवाल, जिला सह-संयोजक अनिरुद्ध सिंह, नगर मंत्री मंजीत सिंह असवाल, ऋषभ बलूनी, प्रियांशु,अमन, हिमांशु, अमन नयाल, अंकित रावत आदि शामिल रहे।
.....................................................................
एबीवीपी ने फूंका कुलपति का पुतला
अगस्त्यमुनि। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए विवि प्रशासन व कुलपति के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनका पुतला फूंका। उन्होंने परीक्षा परिणामों में सुधार करने समेत कई मांगों को लेकर प्राचार्य के माध्यम से कुलपति को ज्ञापन भेजा।
बुधवार को एबीवीपी के कार्यकर्ता महाविद्यालय परिसर में एकत्रित हुए। नितिन नेगी, भानू चमोला, खुशी, अजय (अज्जू) तथा प्रकाश चौहान ने कहा कि विवि की ओर से जारी किए गए परीक्षा परिणामों से छात्र-छात्राएं संतुष्ट नहीं हैं। वहीं वर्ष 2018 से 2021 के बैच के छात्र-छात्राओं का परिणाम अभी तक महाविद्यालय को नहीं मिला है। विवि की ओर से जारी किए गए वार्षिक कैलेंडर के अनुरूप कार्य नहीं किया जा रहा है। उन्होंने महाविद्यालय में स्नातकोत्तर स्तर पर विषयों की स्वीकृति, जरूरी विषयों में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने, महाविद्यालय में शीघ्र स्थायी प्राचार्य की नियुक्ति आदि की मांग की। कहा कि तीन दिन में मांगें पूरी न हुईं तो छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव भट्ट, महासचिव अनिकेत सिंह, महासंघ अध्यक्ष संतोष त्रिवेदी तथा कोषाध्यक्ष सोनम भूख हड़ताल पर बैठेंगे। संवाद