देवप्रयाग। नगर की जनता की वर्षों पुरानी मांग और वर्ष 2021 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बाद देवप्रयाग में आस्था पथ के निर्माण के लिए करीब छह करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। ऋषिकेश की तर्ज पर अब देवप्रयाग में गंगा नदी के दाएं किनारे पर पौड़ी मोटर पुल से भागीरथी झूला पुल तक आस्था पथ का निर्माण होना है। सिंचाई विभाग की ओर से इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार को करीब 627.89 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था। इस पर केंद्र सरकार ने पांच करोड़ रुपये की प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृत प्रदान की है। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड शासन सचिव आर राजेश कुमार को इस संदर्भ में पत्र जारी किया।आस्थापथ के लिए वित्तीय स्वीकृति मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता डॉ.बीएस रावत, रजनीश मोतीवाल, शशी ध्यानी, अतुल जागीरदार, रेखा भट्ट, नीता ध्यानी, सुभा तिवाड़ी ने कहा कि आस्थापथ के निर्माण से देवप्रयाग में तीर्थयात्रियों और स्थानीय निवासियों को काफी लाभ मिलेगा। यह पथ न केवल तीर्थयात्रियों के लिए एक सुविधाजनक मार्ग प्रदान करेगा बल्कि देवप्रयाग की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को भी बढ़ाने के में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।