जल पुलिस व एसडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। नैथाणा पुल से अलकनंदा नदी में एक व्यक्ति ने छलांग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ व जल पुलिस टीम ने तलाशी अभियान चलाया लेकिन देर शाम तक भी व्यक्ति का कोई पता नहीं चल पाया है।
बुधवार को सुबह करीब दस बजे एक व्यक्ति बाइक से नैथाणा पुल पहुंचा। बाइक साइड में खड़ी कर पुल से नदी में छलांग लगा दी। कोतवाली निरीक्षक रवि सैनी ने बताया कि घटनास्थल से एक बाइक बरामद हुई जिसके संबंध में जानकारी जुटाने पर उक्त बाइक गोविंद सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी डाबरी बछेलीखाल टिहरी के नाम पर पंजीकृत पाई गई है। उन्होंने बताया कि गोविंद सिंह के भाई प्रेम सिंह रावत निवासी जोगीवाला देहरादून ने बताया कि उनका भाई गोविंद गत दो माह से बीमार है।
श्रीनगर में ठेकेदारी का कार्य करता था जो बुधवार सुबह अपने हाल निवास भक्तियाना श्रीनगर से निकला था। गोविंद का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है। कोतवाल ने कहा अलकनंदा नदी में तलाशी अभियान जारी है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक में सवार व्यक्ति तेज रफ्तार से नैथाणा पुल पर पहुंचा और उसने बाइक खड़ी कर अचानक नदी में छलांग लगा दी।