किशनपुर (कोटद्वार)। भाबर क्षेत्र के झंड़ीचौड पूर्वी में एक व्यक्ति ने ग्राम प्रधान पर उसकी दुकान पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है। ग्रामीण की ओर से कलालघाटी पुलिस चौकी में इस मामले की तहरीर दी है। पुलिस के अनुसार राजेंद्र प्रसाद निवासी झंडीचौड़ पूर्वी ने ग्राम प्रधान कृष्णचंद्र के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में कहा कि जिस जमीन पर उसने दुकान बनाई है, उस पर पूर्व से दोनों का विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में चल रहा था। कोर्ट के आदेश पर स्टे मिलने से दुकान बंद थी। बृहस्पतिवार को प्रधान ने दुकान का ताला तोड़कर अपना ताला लगा दिया। राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि उसे ग्राम प्रधान की तरफ से धमकी दी जा रही है। चौकी प्रभारी मनोज सिरोला ने बताया कि मामला कोर्ट में चल रहा है। दुकान पर दो ताले लगे हैं। कोर्ट के आदेश आने तक दोनों पक्षों को यथास्थिति रखने को कहा गया है।