पौड़ी। जिला पुलिस के अग्निशमन दल ने बैंक कर्मियों को अग्नि सुरक्षा के गुर सिखाए। मंगलवार को पुलिस का अग्निशमन दल पाबौ पहुंचा। दल ने भारतीय स्टेट बैंक, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक, दुकानों व होटलों में अग्नि सुरक्षा उपकरण चलाए जाने, सिलिंडर रिफिलिंग, आग के दुष्प्रभाव की जानकारी दी। दल ने बैंक कर्मियों, व्यवसायियों को मॉक ड्रिल के माध्यम से आग बुझाए जाने के गुर भी सिखाए गए। लीडिंग फायरमैन अनुसूया प्रसाद गौड़ ने बताया कि भारत में सड़क दुर्घटना के बाद सबसे ज्यादा मौतें आग से होती हैं। उन्होंने बताया कि भारत में प्रतिवर्ष 20 हजार लोग आग के कारण अपनी जान गंवाते हैं। इस अवसर पर अनिल कोहली, नरेंद्र कुमार सहित बैंक कर्मचारी व व्यवसायी शामिल रहे।