पौड़ी (ब्यूरो)। जिले के सभी ब्लाकों में छह अक्तूबर से कृषक महोत्सव शुरू होगा। डीएम सुशील कुमार 118 न्याय पंचायतों में 14 कृषक रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। डीएम ने महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक ली। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कृषकों को जागरूक करें। इसके अलावा पारंपरिक फसलों के बजाय काश्तकारों को नकदी फसल से जोड़ें। डीएम ने कृषक महोत्सव में कृषि विभाग, उद्यान विभाग, मत्स्य विभाग, रेशम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, स्वजल, जलागम, आजीविका परियोजना आदि विभागों के स्टाल लगाने के भी निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम सदर केएस नेगी, एसडीएम श्रीनगर एमडी जोशी, सीएमओ डा. आरएस राणा, समाज कल्याण अधिकारी रतन सिंह रावत, नाबार्ड प्रबंधक विजेंद्र सिंह नेगी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा.एसके सिंह, उद्यान अधिकारी डा. नरेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।