पौड़ी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए कृषि विभाग पौड़ी को 5100 किसानों के आवेदन मिले हैं। विभाग ने आवेदन करने से वंचित रह गए किसानों को जल्द से जल्द आवेदन करने की अपील की है। कृषि विभाग पौड़ी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की पहली किस्त 12 हजार किसानों को आवंटित कर चुका है। मुख्य कृषि अधिकारी पौड़ी देवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए विभाग को 5100 आवेदन प्राप्त हुए हैं। योजना के लिए वे लघु एवं सीमांत किसान आवेदन कर सकते हैं, जिनकी जोत दो हेक्टेयर से कम हो। उन्होंने कहा कि किसानों को आवेदन के साथ आधार नंबर, बैंक खाता संख्या, खाता-खतौनी भी संलग्न करनी है।