थलीसैण। प्रदेश के दुग्ध विकास, सहकारिता एवं उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने ब्लाक मुख्यालय थलीसैंण में शौर्य दीवार का लोकार्पण किया।
डा. धन सिंह रावत सुबह ब्लाक मुख्यालय थलीसैंण पहुंचे। यहां महाविद्यालय के छात्रों ने मंत्री को कालेज की समस्याओं से अवगत करवाय। राजकीय महाविद्यालय थलीसैंण के छात्रों ने मंत्री को नौ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। मांग की कि कालेज का भवन निर्माण शीघ्र किया जाए, कालेज में पुस्तकालय, शौचालय व अन्य सुविधाएं बहाल की जाएं। मंत्री ने विश्वास दिया कि वह इसे प्राथमिकता में शामिल करेंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए 70 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है और अब कार्य आरंभ होना ही बाकी है। कार्यक्रम में डा. डीसी पांडे, एसडीएम मायाराम जोशी, मातवर सिंह रावत, उमेश ढौंडियाल आदि मौजूद रहे। महाविद्यालय से निपटने के बाद पूर्व सैनिक संगठन थलीसैंण ने मंत्री के काफिले को रोक दिया। पूर्व सैनिकों ने रोष जताया कि सैनिक कल्याण विश्राम गृह को बने हुए दो साल हो गए हैं, लेकिन अभी तक उसे सैनिक कल्याण के सुपुर्द नहीं किया गया। मंत्री ने भरोसा दिया कि विश्राम गृह जल्द सौंपा जाएगा। इसके बाद जखोल के ग्रामीणों ने मंत्री का घेराव कर जखोल मोटर मार्ग का निर्माण शुरू न किए जाने पर रोष जाहिर किया। डा. धन सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण में वन अधिनियम आडे़ आ रहा है। इसे लेकर जल्द ही देहरादून में बैठक आयोजित कर मामला निस्तारित कर दिया जाएगा। इसके बाद राज्य मंत्री ने 70 किसानों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना के चेक वितरित किए। इस दौरान गोपेंद्र वर्मा, बीके फरतियाल, चंद्र मोहन गुसाईं व ललित कुमार आदि मौजूद रहे।