कीर्तिनगर। अलकनंदा किनारे दोस्त के साथ सेल्फी लेते वक्त एक किशोर पैर फिसलने से नदी में डूब गया। जानकारी के मुताबिक जाखणी निवासी वैभव रावत (14) पुत्र वेदप्रकाश रावत बुधवार शाम दोस्त के साथ खेलने जाने की बात कह कर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। कोतवाल जवाहर लाल के अनुसार वैभव के साथ गए उसके दोस्त ने बताया कि अल्केश्वर घाट के सामने अलकनंदा के किनारे सेल्फी लेते वक्त पैर फिसलने से वैभव नदी में जा गिरा था। उसके बाद उसका पता नहीं चल पाया। जल पुलिस व आपदा प्रबंधन टीम बृहस्पतिवार को दिनभर किशोर की तलाश में जुटी रही। शुक्रवार को पुलिस पुन: नदी में सर्च अभियान चलाएगी। ब्यूरो