पौड़ी। विकास खंड पाबौ के विडोलस्यूं पट्टी में संचार सेवा ठप पड़ी हुई है। इससे ग्रामीणों को दूरसंचार सेवा के उपयोग से वंचित रहना पड़ रहा है। पट्टी के ग्राम शुक्र के पूर्व प्रधान मातवर सिंह नेगी ने बताया कि विडोलस्यूं पट्टी में दूरसंचार सेवा लंबे समय से लचर पड़ी हुई है। स्थानीय विधायक व उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत से दूरसंचार सेवा दुरुस्त किए जाने की मांग की गई, लेकिन व्यवस्था में कोई सुधार नहीं आया है। उन्होंने कहा कि विडोलस्यूं पट्टी के गांवों से युवा सेना में सेवारत हैं, जिन्हें सीमित समय में परिजनों से वार्तालाप की छूट मिलती है, लेकिन लंबे समय से क्षेत्र में दूरसंचार सेवा ठप रहने से उनके परिजन उनसे बातचीत नहीं कर पा रहे हैं।