पौड़ी। विकास भवन सभागार में बुधवार को बैठक हुई। इस मौके पर स्वजल के परियोजना प्रबंधक दीपक रावत ने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर जिले की समस्त पंचायतों में 22 जून को खुली बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें जल संचय व संवर्द्धन को लेकर प्रधानमंत्री द्वारा ग्राम प्रधानों को लिखे गए पत्र का वाचन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की भागीदारी से पानी की बचत होगी। बारिश के पानी को ज्यादा से ज्यादा संचय करने, खेतों की मेडबंदी करने, चेकडैम निर्माण का संकल्प भी लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन आयोजनों के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर एक-एक कार्मिक नोडल अधिकारी के रूप में तैनात रहेगा, जो आयोजन के फोटोग्राफ को भारत सरकार को भेजेगा। सर्वश्रेष्ठ फोटोग्राफ वाली ग्राम पंचायत को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। दीपक रावत ने बताया कि ग्राम पंचायतों में खुली बैठक के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां शुरू कर ली गई हैं।