पौड़ी। चतुर्थ वर्गीय राज्य कर्मचारी महासंघ ने लंबित मांगों पर अमल न होने पर 17 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास कूच का एलान किया है। संगठन के जिला मंत्री राजपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि 13 सूत्री लंबित मांगों को लेकर शासन स्तर पर एक कमेटी गठित की गई है। यदि कमेटी की ओर से कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। आंदोलन के क्रम में 26 जुलाई से दो अगस्त तक जनजागरण अभियान, तीन अगस्त को सभी जनपदों में कैंडल मार्च, सात अगस्त को सभी जनपदों में कैंडल मार्च एवं 17 अगस्त को सीएम आवास कूच किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें नहीं मानी गईं तो 23 से 25 अगस्त तक तीन दिवसीय कार्यबहिष्कार और इसके बाद 27 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।