पाबौ। तीन दिन पहले परिजनों से नौकरी पर दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकले चोफड़ा गांव निवासी युवक का बृहस्पतिवार को कान्वेंट स्कूल के पास झाड़ियों में शव लटका मिला। पुलिस चौकी प्रभारी आनंद मेहरा के मुताबिक चोपड़ा गांव निवासी रमेश गुसांई (35 वर्ष) का तीन दिन से कहीं भी पता नहीं चलने से परिजन उसकी ढूंढ-खोज कर रहे थे। बृहस्पतिवार को उन्हें कान्वेंट स्कूल के पास सड़क से नीचे एक व्यक्ति झाड़ियों में लटका दिखाई दिया, जिसकी पहचान रमेश गुसाई के रूप में की गई। मृतक की पत्नी का कहना है कि रमेश दिल्ली में प्राइवेट जॉब करता था। 25 जून को वह घर से नौकरी पर दिल्ली जाने की बात कहकर गया था। इसी दिन वह पाबौ से उत्तराखंड परिवहन निगम की दिल्ली जाने वाली बस में बैठा, लेकिन उसे कान्वेंट स्कूल के पास बस से नीचे उतार दिया गया था। पुलिस चौकी प्रभारी के मुताबिक प्रकरण की जांच की जा रही है। ब्यूरो