पौड़ी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ में शुक्रवार से अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होते ही पहले दिन 15 मरीजों की जांच की गई। सेवा शुरू होने के साथ ही मरीज राहत की साथ लेते नजर आए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी रेडियोलॉजिस्ट डॉ. शिवमोहन शुक्ला ने मरीजों की जांच की। सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि बीते शुक्रवार को तकनीकी कारणों से जांच शुरू नहीं हो पाई थी लेकिन समस्या दूर होने के बाद सेवा बहाल कर दी गई है। अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने से अब स्थानीय मरीजों को जिला मुख्यालय या श्रीनगर की ओर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। बताया कि पहले ही दिन 15 मरीजों की जांच कर स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर शुरुआत की गई। गौरतलब है कि इससे पहले भी जब जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर गए थे, तब भी सीएमओ डॉ. शुक्ला ने स्वयं जिम्मेदारी संभालते हुए मरीजों की जांच की थी। क्षेत्रवासियों ने सुविधा शुरू होने पर खुशी जताई है। संवाद