पौड़ी। उत्तराखंड बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन रविवार से शुरू होगा। जनपद पौड़ी में बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को तीन केंद्र बनाए गए हैं। शिक्षा विभाग ने मूल्यांकन से पहले शनिवार को परीक्षा केंद्रों में पर्यवेक्षक, परीक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण में उप प्रधान परीक्षक ने दस आदर्श उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन कर सहायक परीक्षकों को मूल्यांकन की जानकारी दी। सीईओ पौड़ी मदन सिंह रावत ने बताया कि जनपद पौड़ी में जीआईसी कोटद्वार, जीजीआईसी पौड़ी व जीजीआईसी श्रीनगर मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि समस्त मूल्यांकन केंद्रों में रविवार से बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरु हो जाएगा।