नैनीताल। सांस्कृतिक संस्था युगमंच का 30वां होली महोत्सव 27 फरवरी से शुरू होकर चार मार्च तक चलेगा। महोत्सव की तैयारियों के लिए रविवार को नंदा देवी मंदिर में बैठक की गई। युगमंच के मुखिया जहूर आलम ने बताया कि लगभग तीन दशक पूर्व संस्था से जुड़े लोगों ने पहाड़ की पारंपरिक होली के स्थान पर फूहड़ होली से यहां के बदलते स्वरूप पर चिंता जताई। लोक संस्कृति के लिए पहचाने जाने वाले गिरीश तिवारी गिर्दा, बृजेन्द्र लाल साह, प्रो. शेखर पाठक, विशंभर नाथ साह सखा, विजय कृष्ण आदि ने मंच के संयोजन में होली महोत्सव की आवश्यकता जताई। इस वर्ष 17 से 27 तक फरवरी बच्चों को होली गायन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। दूरस्थ गांव की खड़ी होली टीम को भी आमंत्रित किया गया है। बैठक में संस्था से जुड़े पदाधिकारी व सदस्य रहे।