बेतालघाट(नैनीताल)। पुलिस ने लोन दिलाने के नाम पर प्रोसेसिंग फीस लेकर लाखों की ठगी करने वाले युवक को गुरुग्राम (हरियाणा) से गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष अनीश अहमद ने बताया कि 21 मई को सौरभ बोहरा निवासी बोहरा काॅलोनी बेतालघाट ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसमें बताया कि उनकी बेतालघाट में फर्नीचर की दुकान है। उन्होंने पूर्व में ऑनलाइन लोन के लिए गूगल पर सर्च किया था। 15 मार्च को एक टोल फ्री नंबर से उसके पास लोन के संबंध में फोन आया और फोन करने वाले ने खुद को लोन देने वाली कंपनी का कर्मचारी बताते हुए उन्हें 50 लाख का लोन दिलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि 28 मार्च को सौरभ ने प्रोसेसिंग फीस के नाम पर करीब 4,90,000 रुपये उक्त ठग को ऑनलाइन ट्रांसफर किए। उसके बाद से धोखाधड़ी करने वाले व्यक्ति का मोबाइल फोन बंद हो गया। उन्होंने कहा कि जब लगातार उसका फोन बंद रहा तब सौरभ को लगा की उनके साथ ठगी हुई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी आयुष कुमार निवासी हाउस नंबर 214/492/30 डी ब्लॉक राजेंद्र पार्क गुरुग्राम हरियाणा को मंगलवार गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीकॉम कर चुका है और वर्तमान में ऑनलाइन सीए की पढ़ाई कर रहा है। कहा कि छह महीने पहले एक बैटिंग एप में ऑनलाइन जुए की लत लगने से वह अपने और दोस्तों के पैसे हार गया था। साथ ही कहा कि पूर्व में वह लोन दिलाने की कंपनी में नौकरी कर चुका था। इसलिए लोन के बारे में ऑनलाइन जानकारी लेने वाले व्यक्तियों का डाटा लेकर सौरभ से संपर्क किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।