हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में शनिवार बीएससी प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की गणित की तृतीय प्रश्नपत्र की परीक्षा थी। विद्यार्थियों को गणित का प्रश्नपत्र मिला तो वे असमंजस में पड़ गए। प्रश्नपत्र पर अंग्रेजी में छपा था कि पांच सवाल हल करने हैं जबकि इसी प्रश्नपत्र में हिंदी भाषा में छपे प्रश्नपत्र में लिखा था कि चार सवाल हल करने हैं। इसी तरह परीक्षा का समय दो घंटे के स्थान पर तीन घंटे लिखा था जबकि परीक्षाएं दो घंटे की हो रही हैं। परेशान छात्र-छात्राओं द्वारा कक्ष निरीक्षकों से इस बारे में स्पष्ट करने को कहा तो मामला परीक्षा नियंत्रण कक्ष और प्रभारी प्राचार्य डा. बीआर पंत के पास पहुंचा। इसके बाद परीक्षा प्रभारी डा. नवीन भगत ने विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग से संपर्क किया। प्रभारी प्राचार्य डा. पंत ने बताया कि विश्वविद्यालय से स्थिति स्पष्ट होने के बाद परीक्षा कक्षों में विद्यार्थियों को करेक्शन करवा दिया गया।