नैनीताल। नगर पालिका प्रशासन और रोटरी क्लब के बीच हुए करार के बाद क्लब की ओर से निजी स्तर पर मॉल रोड स्थित नर्सरी स्कूल के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू किया जा चुका है। पालिका प्रशासन विद्यालय की प्रतिष्ठा को लौटाने और इसे अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय के रूप मे स्थापित करने के लिए कवायद कर रहा है। रोटरी क्लब की ओर से विद्यालय में मिड-डे मील कक्ष की क्षतिग्रस्त छत को बदलने के साथ पूरे विद्यालय का रंग-रोगन, शौचालय को ठीक करने, सुरक्षा की दृष्टि से विद्यालय के गेट समेत नाले से लगे क्षेत्र की ग्रिल आदि से सुरक्षा की जानी है। बुधवार को कार्य की शुरुआत में कर्मचारी नेता गिरीश जोशी ने इसका विरोध किया। सूचना पर ईओ रोहिताश शर्मा भी वहां पहुंच गए। उनके समझाने पर जोशी मान गए। ईओ ने कहा विद्यालय से जुड़ी उनकी भावनाओं को वह समझते हैं। यदि कोई कमी हुई तो सुधार किया जाएगा। इस मौके पर पालिका के अमन कुमार, रोटरी क्लब अध्यक्ष शैलेंद्र साह आदि रहे।