रामनगर। रामनगर रेलवे स्टेशन पर नई पिटलाइन का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इसके साथ ही रामनगर से देहरादून के बीच प्रस्तावित सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने की उम्मीद जग गई है। रेलवे अब उच्चाधिकारियों के निर्देश मिलने के बाद ट्रेन संचालन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी करेगा। रामनगर और देहरादून के बीच लंबे समय से सीधी रेल सेवा की मांग की जा रही थी। रेलवे ने बुधवार और शनिवार को ट्रेन दौड़ाने की योजना बनाई है। स्टेशन अधीक्षक राम कुमार वर्णवाल ने बताया कि नई पिटलाइन तैयार होने के बाद पुरानी पिटलाइन पर ट्रेन के रखरखाव की व्यवस्था की जाएगी। रेलवे मुख्यालय से निर्देश मिलते ही दून के लिए रेल सेवा शुरू कर दी जाएगी। इससे कुमाऊं और दून क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।