नैनीताल। श्री रामसेवक सभा की ओर से आयोजित 30वें फागोत्सव में बुधवार को महिला होल्यारों ने जमकर होली खेली। होली गायन और स्वांग के साथ राधा-कृष्ण की नृत्य नाटिका भी प्रस्तुत की गई।महिला होली गायकों ने होली खेलन पधारो वृंदावन में, बरसाने में होली हो रही है.., जैसे गीतों से समां बांध दिया। स्वांग में कलाकारों ने अपनी पहचान छिपाकर रोचकता बढ़ाई। श्री रामसेवक सभा के बाल कलाकारों ने तल्लीताल डांट में राधा-कृष्ण की मनमोहक नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। इस अवसर पर नैनीताल के सीओ को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी कीर्ति और प्रो. ललित तिवारी ने किया। मंजू बोरा, चंद्र पंत, रजनी चौधरी, ईश्वरी जोशी, मोहिनी देवी, हीरा नयाल और वीणा पंत को बेहतरीन स्वांग के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्री रामसेवक सभा के अध्यक्ष मनोज लाल साह, महासचिव जगदीश चंद्र बवाड़ी, प्रबंधक विमल चौधरी, मारुति साह, ममता जोशी, अमनदीप आनंद, नासिर खान, राकेश सिंह, जयंत उप्रेती, मंजू रौतेला, डोल्मा, सुषमा डंडरियाल सहित व्यापार मंडल के कई सदस्य उपस्थित रहे।