पिछले तीन दिनों से मौसम में बदलाव के कारण अधिकतम तापमान गिर गया है। शनिवार की रात आंधी के साथ झमाझम बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। अधिकतम तापमान में गिरावट आने से लोगों को दिन में पड़ रही गर्मी से राहत मिली।
रविवार की शाम को आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। जबकि पहाड़पानी में बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि हुई। पिछले सप्ताह दोपहर में कड़ी धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया था। शुक्रवार से मौसम ने करवट बदली और ठंडी हवाओं ने राहत दी। शनिवार की देर रात आंधी के साथ ही बूंदाबांदी शुरू हो गई। आंधी थमने के बाद झमाझम बरसे बदरा ने गर्मी से राहत दी।
रविवार की सुबह भी सूर्यदेव और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल जारी था। रविवार की शाम भी आंधी के साथ ही बूंदाबांदी शुरू हो गई। बूंदाबांदी के बाद चली ठंडी हवाओं ने राहत दी। दूसरी ओर धारी ब्लॉक के पहाड़पानी और इसके आसपास के क्षेत्र में रविवार दोपहर आंधी तूफान के साथ ओलावृष्टि हुई। आधे घंटे तक हुई ओलावृष्टि के कारण गाड़ियों के टायर फिसलने लगे। साथ ही नाशपाती, पुलम एवं मटर आदि के फूलों को ओलों ने बुरी तरह प्रभावित कर दिया।