नैनीताल। नगर पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने रविवार को पालिका अधिकारियों और कार्मिकों के साथ तल्लीताल डांठ, मुख्य बाजार, रैमजे बाजार, मॉलरोड समेत मल्लीताल बाजार का निरीक्षण किया। उन्होंने बाजार में जलभराव प्रभावित क्षेत्र और नाले की सफाई व्यवस्था को परखा। डॉ. खेतवाल ने नालियों पर अतिक्रमण मिलने पर नाराजगी जताई। पालिकाध्यक्ष सबसे पहले तल्लीताल बाजार पहुंची जहां नालों की सफाई से वह संतुष्ट नजर आई। कुछ स्थानों पर दुकानदारों की ओर से नालियों को लकड़ी या अन्य पटालों से ढका था। पालिकाध्यक्ष ने मातहतों को ऐसे स्थानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में पाया कि नए निर्माण के दौरान उचित ढाल न देने के कारण जलभराव की समस्या हो रही है। कहा कि इस मामले में संबंधित विभाग के साथ पत्राचार किया जाएगा। मॉलरोड क्षेत्र के निरीक्षण में सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि सोमवार से हर वार्ड में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसमें अधिकारी व कार्मिकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। इस मौके पर ईओ रोहताश शर्मा आदि रहे।