बारिश के बाद शाम को नैनीताल में छाया कोहरा
नैनीताल। नगर में स्थानीय मानसून के चलते इन दिनों लगातार बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है। बारिश से झील का जलस्तर भी बढ़ रहा है। बुधवार को हुई बारिश से झील के जलस्तर में डेड़ इंच और इजाफा हुआ है।
तीन-चार दिनों से नैनीताल में लगातार बारिश होने से वन विभाग ने भी राहत की सांस ली है। बारिश के चलते सुबह-शाम ठंड भी महसूस की जाने लगी है। मैदानी क्षेत्रों से आने वाले पर्यटकों को बारिश ने काफी राहत दी। हालांकि बारिश के चलते कारोबार प्रभावित रहा। बारिश रुकने के बाद पर्यटकों ने नौकायन भी किया। वहीं शाम को शहर की पहाड़ियों पर कोहरा छाया रहा। झील नियंत्रक कक्ष के प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि बुधवार को 17 मिमी बारिश होने से झील के स्तर में डेड़ इंच और इजाफा हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी नवीन धूसिया ने बताया कि नैनीताल का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।