पतलोट(नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय पतलोट में महाविद्यालय की लंबित मांगों को लेकर छात्र संघ के पदाधिकारियों ने बैठक की। छात्र संघ अध्यक्ष हेमा बिष्ट ने कहा कि महाविद्यालय में विभिन्न विषयों की कक्षाओं के संचालन, प्रोफेसर की नियुक्ति के साथ अन्य समस्याओं से विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा सरकार, मंत्री और निदेशालय स्तर से मांग करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने पूर्व विधायक दान सिंह भंडारी, ब्लॉक प्रमुख केडी रुवाली और कमलेश भट्ट को समस्या से अवगत कराकर हल कराने की मांग की। साथ ही सरकार से भी मांगों को जल्द पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा अगर जल्द समस्या हल नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान उपाध्यक्ष ममता मेहरा, डोली भट्ट, लीला पोखरिया, कमल मेवाड़ी, उमा भट्ट आदि मौजूद रहे।