फोटो - आवारा गोवंश को लेकर भाकपा माले ने प्रदर्शन कर तहसीलदार को दिया ज्ञापन।
लालकुआं। लावारिस गोवंश की समस्या से त्रस्त ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय के सामने धरना देकर प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंप कर इस समस्या का जल्द समाधान करने की पुरजोर मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर तीन सप्ताह के अंदर समस्या हल नहीं हुई तो लावारिस गोवंश को हांक कर तहसील परिसर में बांधने को मजबूर होंगे।
बुधवार को अखिल भारतीय किसान महासभा और भाकपा माले के नेतृत्व में ग्रामीण तहसील कार्यालय पहुंचे। उन्होंने लावारिस गोवंश से क्षेत्रीय जनता को जान-माल, फसलों और सड़क दुर्घटनाओं से हो रही क्षति से निजात दिलाने की मांग को लेकर धरना- प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने तहसीलदार लालकुआं मनीषा बिष्ट को ज्ञापन देते हुए कहा कि गोरक्षा कानून के कारण लावारिस गोवंश की शासन-प्रशासन व्यवस्था करे तथा किसानों, पशुपालकों, राहगीरों को हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाए।
धरना- प्रदर्शन के दौरान किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी, प्रदेश उपाध्यक्ष बहादुर सिंह जंगी, भाकपा माले के जिला सचिव डा. कैलाश पांडेय, एपवा संयोजक विमला रौथाण, चंदन राम, भाकपा माले राज्य कमेटी के सदस्य ललित मटियाली, पुष्कर दुबड़िया, आनंद सिंह सिजवाली आदि मौजूद रहे। संवाद