गरमपानी (नैनीताल)। बेतालघाट ब्लॉक की ग्राम पंचायत अमेल में पेयजल समस्या के समाधान की मांग के लिए ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन शुक्रवार को भी जारी रहा। आंदोलन के बीच जल संस्थान नैनीताल के अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता ने अनशन स्थल पर पहुंचकर पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए अमेल में पंप सेट लगाने का लिखित आश्वासन दिया। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से वार्ता कर आश्वस्त किया कि 18 अक्तूबर तक पंप सेट लगा दिए जाएंगे। सिंचाई नहर के लिए 14 अक्टूबर को टीम के आने का आश्वासन दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि लिखित आश्वासन मिलने और उनकी समस्या का समाधान नहीं होने तक तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान लक्ष्मण सिंह रावत, पूरन सिंह रावत, दिनेश सिंह मचकोली, गिरधर सिंह मचकोली आदि मौजूद रहे।