लालकुआं। हल्दूचौड़ के गंगापुर ग्राम में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। जंगल से सटे इस ग्रामीण क्षेत्र में हाथियों का झुंड लगातार आबादी और खेतों का रुख कर रहा है। किसान खेतों में धान की फसल काट कर खलिहान और खेतों में सुखाने के लिए रख रहे हैं लेकिन रात होते ही हाथियों का झुंड इन फसलों पर धावा बोलकर कटी हुई धान को चट कर जा रहा है और बर्बाद कर रहा है। इससे किसान परेशान हैं। क्षेत्र के समाजसेवी डीके जोशी ने बताया कि गंगापुर ग्राम में हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीण बेहद डरे-सहमे हैं। शाम ढलते ही लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो जाते हैं। किसान अपनी बची-खुची फसल को बचाने के लिए रात भर अलाव जलाकर, थालियां पीटकर और पटाखे फोड़कर रतजगा कर रहे हैं। ग्रामीणों ने जंगल से सटे संवेदनशील इलाकों में वन विभाग की टीम तैनात किए जाने और नियमित नाइट पेट्रोलिंग की मांग की हैं। संवाद