कालाढूंगी। बजुनिया हल्दु क्षेत्र में दो नलकूपों के खराब होने से ग्रामीणों के सामने गंभीर जल संकट खड़ा हो गया है। पेयजल की समस्या विकराल होती जा रही है। सिंचाई के अभाव में खेतों में खड़ी प्याज व जानवरों के लिए बोया गया चारा व अन्य फसलें सूखने के कगार पर हैं। पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से नलकूप खराब पड़े हैं लेकिन अब तक उनकी मरम्मत को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। सामाजिक कार्यकर्ता नवीन पंत, मनोज मासीवाल, पंकज, आनंद बल्लभ भगत, उमेश जोशी, मोहन सिंह और पंकज बुढलाकोटी ने प्रशासन से जल्द से जल्द नलकूपों की मरम्मत कराने की मांग की है। नलकूप विभाग के एसडीओ सुनील कांडपाल का कहना है कि इंजीनियरों की हड़ताल के चलते दिक्कत आ रही है। हड़ताल समाप्त होने के बाद खराब नलकूपों को ठीक किया जाएगा।