बेतालघाट में महिला समूहों की ओर से जंगल से इकट्ठा किया पिरुल।
गरमपानी(नैनीताल)। बेतालघाट ब्लॉक के धूरा के जंगल में लगी आग के बुधवार को आबादी क्षेत्र में आने से ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा हो गया। उन्होंने पानी डालकर और पिरूल की लाइन काटकर आग को लोगों के घरों तक पहुंचने से पहले ही बुझा लिया।
जजुला गांव के सोबन सिंह करायत, पुष्पा देवी और संजना देवी ने बताया कि ग्रामीणों की एकजुटता से आग पर काबू पाया गया है, लेकिन जंगल में लगी आग को बुझाया नहीं जा सका। इधर, ताड़ीखेत ब्लॉक के पातली के जंगल में बुधवार को आग लगने से वन संपदा को नुकसान पहुंचा हैं। आग से कई हेक्टेयर में लगे पेड़-पौधे जलकर नष्ट हो गए। देर शाम तक जंगल में लगी आग नहीं बुझ पाई थी।
जंगलों की आग बुझाने के लिए महिला समूह आई आगे
भीमताल (नैनीताल)। जिले के भीमताल, धारी, ओखलकांडा, रामगढ़ और बेतालघाट के जंगलों में लगी आग को बुझाने के लिए महिला समूह की आगे आईं हैं। एनआरएलएम विभाग से जुड़ी महिलाओं ने जंगल में लगी आग पर काबू पाने के लिए पिरूल की लाइन काट दिया। जिससे आग पर काबू पाया गया। एपीडी चंद्रा फर्त्याल ने बताया कि महिला समूहों की ओर से जंगल में लगी आग को बुझाने में पूरा सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को धानाचूली के जंगल में लगी आग को बुझाने में महिलाएं जुटी रहीं।