लालकुआं (नैनीताल)। बिंदुखत्ता संघर्ष समिति के आह्वान पर सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने नारेबाजी कर अविलंब राजस्व गांव बनाए जाने की मांग की। इस दौरान सीएम को संबोधित ज्ञापन भी तहसील में एसडीएम मनीष कुमार को सौंपा।
तय कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में ग्रामीण जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास पहुंचे। यहां हुई जनसभा में वक्ताओं ने कहा कि उनका आंदोलन राजस्व गांव की मांग को लेकर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीते दिनों वायरल हुए एक पत्र में बिंदुखत्ता को अतिक्रमण की श्रेणी में चयनित किया गया जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश है।
वक्ताओं ने कहा कि आमंत्रण को विफल करने की तमाम रणनीतियां तय की गईं लेकिन बड़ी संख्या में जनता ने पहुंचकर विरोधियों को आईना दिखा दिया है। यह इस बात का संकेत है कि बिंदुखत्ता की आवाज सिर्फ और सिर्फ राजस्व गांव की पक्षधर है।
बाद में ग्रामीण जुलूस की शक्ल में तहसील पहुंचे जहां एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। जुलूस में ग्रामीण तिरंगा लेकर चल रहे थे।
इस मौके पर पूर्व मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, हरेंद्र बोरा, कैप्टन इंदर सिंह, हरीश बिसौती, गिरधर बम, पुष्कर दानू, प्रदीप सिंह बथ्याल, कमल दानू, हर्ष बिष्ट, गुरदयाल सिंह मेहरा, भुवन जोशी, प्रमोद कॉलोनी, प्रकाश उत्तराखंडी, राधा दानू, उर्मिला धामी, सरस्वती ऐरी, संध्या डालाकोटी, राजेंद्र सिंह खंडवाल, हेमवती नंदन दुर्गापाल, मोहन अधिकारी आदि रहे।