मुक्तेश्वर (नैनीताल)। रामगढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत लोश्ज्ञानी में श्रमदान से बनाई जा रही सड़क का निर्माण कार्य रोकने से ग्रामीणों में नाराजगी है। गुस्साए ग्रामीणों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से सड़क नहीं बन पाई है। ग्रामीण श्रमदान और अंशदान के माध्यम से सड़क बना रहे हैं लेकिन प्रशासन बाधा बन रहा है। ग्रामीणों के विरोध के बाद तहसील प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने प्रस्ताव पारित कर कहा कि 20 जून तक सरकार सड़क निर्माण के मुद्दे पर निर्णय नहीं लेगी तो ग्रामीण डीएम कार्यालय पर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि 21 जून से दोबारा श्रमदान कर सड़क का निर्माण कार्य करेंगे। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख दीपक आर्य, जिपं सदस्य पुष्पा नेगी, अर्जुन सिंह, लाखन सिंह नेगी, कमलेश सिंह, चंपा बिष्ट आदि मौजूद रहे।