कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र में किशोर से यौन-शोषण के बाद उसकी अश्लील वीडियो रिकॉर्ड करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने अपने ही पड़ोसी किशोर को शिकार बनाया। साइबर टिपलाइन पर शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपी भी नाबालिग बताया जा रहा है, पुलिस ने 26 अक्तूबर को पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि साइबर टिपलाइन पर मिली शिकायतों में जांच शुरू की गई थी। पता चला कि क्षेत्र के ही रहने वाले एक किशोर ने इंटरनेट से पहले अश्लील सामग्री डाउनलोड की। इसके बाद पड़ोसी किशोर से यौन-शोषण कर वीडियो रिकॉर्ड की। उस वीडियो को अपलोड भी कर दिया। आरोपी को चिह्नित करने के बाद जब आरोपी के घर की तलाशी ली गई तब वहां से पुलिस ने दो मोबाइल, एक टैबलेट, एक लैपटॉप और एक खाली मोबाइल बॉक्स बरामद किया। मोबाइलों में बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के साथ अश्लील सामग्री और डाउनलोड हिस्ट्री भी मिली। पुलिस के अनुसार आरोपी घर पर अधिक से अधिक समय अकेले बिताता था और परिवार वालों की बिना जानकारी के इंटरनेट का इस्तेमाल करता था। पुलिस ने पीड़ित बच्चे और उसके परिजनों की काउंसलिंग कराई है।
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच काठगोदाम कोतवाल इंस्पेक्टर जसवीर सिंह को सौंपी गई है। बरामद हुए उपकरणों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सभी अभिभावकों से अपील है कि बच्चों के मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया इस्तेमाल पर नजर रखें। उन्हें जागरूक करने के साथ भरोसे और संवाद का माहौल भी बनाकर रखें। -डॉ. मंजुनाथ टीसी, एसएसपी नैनीताल