रामनगर (नैनीताल)। हिम्मतपुर ब्लॉक में हुए बवाल के बाद मंगलवार को भाजपा नेताओं के नेतृत्व में ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने गांव में बसे बाहरी लोगों का सत्यापन करने और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार को ग्रामीणों ने एसडीएम राहुल शाह को सौंपे ज्ञापन में गांव में बाहरी क्षेत्र से आए लोगों का सत्यापन करने, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण पर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दो दिन पूर्व हुए विवाद में अब भी दूसरे पक्ष के लोग गांव का माहौल खराब कर रहे हैं। एसडीएम राहुल शाह ने कहा कि सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण को लेकर एक जांच कमेटी बनाई गई है। बाहरी लोगों के सत्यापन के लिए कोतवाली पुलिस को निर्देश दिए हैं। यहां भाजपा नेता दिनेश मेहरा, नरेंद्र शर्मा, संजय डॉर्बी, इंदर रावत, विहिप के जिला उपाध्यक्ष सूरज चौधरी, शिवराज सिंह आदि रहे।
एसडीएम ने गठित की जांच कमेटी
जानकी देवी पत्नी स्व. चनीराम निवासी हिम्मतपुर ब्लॉक ने एसडीएम को बताया कि उनकी गांव की भूमि पर कब्जा किया गया है। महिला की शिकायत व अन्य प्रकरण की जांच पड़ताल के लिए एसडीएम ने जांच कमेटी बनाई है। एसडीएम राहुल शाह ने बताया कि जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।