गरमपानी (नैनीताल)। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय मार्ग में क्वारब की पहाड़ी से गिरता मलबा रुक नहीं रहा है। शुक्रवार शाम बारिश के बाद पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने से एनएच में एक घंटे तक वाहनों की आवाजाही बंद रही। हल्द्वानी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, धारचूला की तरफ आवाजाही करनने वाले सैकड़ों वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। सड़क पर कीचड़ होने से वाहन भी सड़क पर फंस रहे हैं। इससे वाहन चालक परेशान हैं। बारिश बंद होने के बाद जेसीबी की मदद से सड़क में आए मलबे को हटाकर शाम पांच बजे यातायात सुचारु होने से यात्रियों को राहत मिली। पुलिस प्रशासन ने वाहनों को बारी-बारी से अल्मोड़ा और हल्द्वानी की तरफ भेजा।