चंपावत जिले में रविवार तड़के स्वाला-धौन के पास कैंची धाम जा रहा एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 25 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई से युवक का शव बरामद किया।
चल्थी चौकी प्रभारी राकेश कठायत ने बताया कि यूपी 32 एमसी 7924 नंबर के वाहन में सवार सभी लोग कैंची धाम जा रहे थे। गूगल मैप पर गलत रास्ता दिखाने के कारण वे चंपावत की ओर पहुंच गए। रविवार सुबह करीब चार बजे स्वाला-धौन के पास चालक को झपकी आ गई। इससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 25 मीटर नीचे खाई में जा गिरा।
हादसे में गोंडा जिले के इंद्र आवास कॉलोनी नगर कोतवाली निवासी आशीष श्रीवास्तव (37) पुत्र इंद्र बहादुर श्रीवास्तव, केशवपुर पहाड़वा निवासी विकास गिरी (26) पुत्र शिव बिहारी गिरी, छितनापुर निवासी अमित शुक्ला (32) पुत्र कमल चंद्र शुक्ला और इमलिया गुरदयाल नवीन गल्ला मंडी निवासी अंशुमान कुशवाह (28) पुत्र मदन सिंह कुशवाह घायल हो गए। वहीं, इमलिया गुरदयाल नवीन गल्ला मंडी निवासी अजीत सिंह कुशवाह (27) पुत्र आनंद जी कुशवाह वाहन से छिटककर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने खाई में तलाश और रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद अजीत को मृत अवस्था में बरामद किया गया।