हल्द्वानी। ऊंचा पुल स्थित रामलीला मैदान में श्री राम दरबार पर्वतीय सांस्कृतिक मंच की ओर बुधवार से उत्तरायणी मेले का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को समिति ने मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बैठक की। इस दौरान वक्ताओं ने बताया कि आठ जनवरी से छह दिवसीय मेले का आयोजन अलग-अलग समितियों की ओर से कराया जाएगा। इसमें खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम समेत स्टार नाइट का आयोजन किया जायेगा। मेले में होने वाले सभी कार्यक्रम क्षेत्रीय भाषा में संपन्न होंगे। उन्होंने बताया कि मेले में स्कूली छात्र-छात्राओं और नए कलाकारों को मंच दिया जाएगा। साथ ही चित्रकला, ऐपण प्रतियोगिता, मेंहदी प्रतियोगिता, दुल्हन सजाओ और मनोरंजक स्पर्धाएं आयोजित होंगी। वहां अध्यक्ष हरीश चंद्र कोठारी, सचिव शंकर दत्त काण्डपाल, कोषाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, संचालक प्रमोद पंत, मनोज जोशी समेत आदि थे।