तल्लीताल डांठ के पास शुक्रवार सुबह 11 बजे लोगों को एक युवक का शव झील में उतराता दिखाई दिया। सूचना पर एसआई भावना बिष्ट और चीता कांस्टेबल अमित गहलोत ने मौके पर पहुंचकर नाव चालक की मदद से शव को झील से निकाला लेकिन कोई शिनाख्त नहीं कर पाया। शाम को एक व्यक्ति ने पुलिस को ठंडी सड़क क्षेत्र से बैग मिलने की सूचना दी। पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसमें एक मोबाइल, बैंक पासबुक, पर्स और पास में जूते मिले। बंद मोबाइल को चार्ज किया तो उसमें 75 मिस कॉल आई थीं। पुलिस ने उक्त नंबर पर फोन किया तो मृतक की शिनाख्त उसके परिजनों ने कुसुमखेड़ा हल्द्वानी निवासी सौरभ भट्ट (36) के रूप में की। एसओ रमेश बोरा ने बताया कि सौरभ भट्ट के परिजनों के आने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।