हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की एमएसडब्ल्यू की द्वितीय वर्ष की छात्रा नमिता गुप्ता को प्रदेश सरकार ने तीलू रौतेली पुरस्कार दिया है। काशीपुर निवासी नमिता गुप्ता पांच वर्षों से भी अधिक समय से सामाजिक कार्य कर रही हैं। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान जरूरतमंदों की सेवा की। इसके अलावा छात्राओं को सेनेटरी पैड बांटे और उनमें जागरूकता फैलाई। उनकी इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. ओपीएस नेगी ने नमिता को बधाई देते हुए कहा कि नमिता ने विवि का नाम रोशन किया है। वह विवि में भी सामाजिक कार्यों में पूरी भागीदारी करती हैं। इस उपलब्धि पर समाज कार्य विभाग के निदेशक प्रो. गिरजा पांडेय, असिस्टेंट प्रो. डॉ. नीरजा सिंह, डॉ. गरिमा, कुलसचिव प्रो. एचएस नयाल, राजेंद्र सिंह क्वीरा आदि ने भी बधाई दी है।