लालकुआं। सब जूनियर राज्य स्तरीय बालक-बालिका कबड्डी चैंपियनशिप ऊधमसिंह नगर के नाम रही। बालिका वर्ग फाइनल मुकाबले में ऊधमसिंह नगर की टीम ने हरिद्वार और बालक वर्ग में इसी जिले के खिलाड़ियों ने देहरादून को हराकर चैंपियनशिप जीती।
बिंदुखत्ता संजय नगर प्रथम गौलागेट स्थित सिद्धांत सरस्वती एकेडमी में राज्य स्तरीय दो दिवसीय सब जूनियर बालक-बालिका राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में प्रदेश भर से की टीमों ने भाग लिया। इन सभी टीमों के बीच कई मुकाबले हुए। बालिका वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में ऊधमसिंह नगर ने अल्मोड़ा और हरिद्वार ने देहरादून को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। रविवार को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के बीच हुए फाइनल मुकाबले में ऊधमसिंह नगर ने जीत दर्ज की।
बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में देहरादून ने नैनीताल और दूसरे में ऊधमसिंह नगर ने अल्मोड़ा हराकर फाइनल में प्रवेश किया। बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला देहरादून और ऊधमसिंह नगर के बीच हुआ। इसमें ऊधमसिंह नगर की टीम ने जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल की टीमों ने भाग लिया। इस दौरान उत्तराखंड कबड्डी फेडरेशन महासचिव चेतन जोशी, परमजीत सिंह, आयोजक रमेश सिंह राठौर, नैनीताल की कोच अनीता, सीता सिंह, धीरज गोस्वामी, राकेश बिष्ट, राजा शाही, दीपक जोशी, कमलेश चंदोला, देवेंद्र सिंह बिष्ट, जिलों से आए कोच, टीम मैनेजर, रेफरी आदि थे।