रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) के प्रसिद्ध ढिकाला जोन की फुलाईचौड़ और ग्रासलैंड का कुछ हिस्सा अब भी जलमग्न है। कालागढ़ डैम से इस पानी की निकासी की जाएगी। इसके बाद मार्गों का निर्माण कर माह के अंत तक दोनों ही जगहों को पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। हर साल मानसून सीजन में ढिकाला से होकर गुजरने वाली रामगंगा नदी का जलस्तर कई गुना बढ़ जाता है। पिछले वर्ष ढिकाला की सांभर रोड समेत लगभग सात से अधिक सड़कें जलमग्न हो गईं थीं। 15 नवंबर को जोन खुलने के बाद भी सभी सड़कें बंद थीं। पार्क वार्डन बिंदरपाल ने बताया कि कालागढ़ डैम से पानी की निकासी का कार्य जारी है। सांभर रोड, अमरपट्टा, रामसिंह रोड समेत कई सड़कें पर्यटकों के लिए खोल दी गई हैं। फुलाईचौड़ और ढिकाला ग्रासलैंड को जाने वाली सड़कों का कुछ हिस्सा अब भी जलमग्न है। जल्द ही पानी की निकासी के बाद दोनों क्षेत्रों को पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।