रामनगर में नाले से बाइक को निकालते पुलिस कर्मी।
रविवार देर रात बैलगढ़ बरसाती नाले में बाइक पर सवार दो लोग बाइक समेत बह गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को रेस्क्यू कर लिया। बैलगढ़ नाला उफान पर आने के दौरान नाले के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार भी लग गई।
कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि रविवार देर रात सुरेश कश्यप और रीता बाइक पर सवार होकर छोई गांव में स्थित हनुमान धाम से रामनगर की ओर आ रहे थे। इस बीच बैलगढ़ स्थित बरसाती नाला उफान पर था। नाले के दोनों ओर वाहनों की लाइने लगी हुई थी। सभी लोग नाले का पानी कम होने का इंतजार कर रहे थे।
ये भी पढ़ें...Bageshwar By-Election: भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास ने किया नामांकन, समर्थन में जनसभा करने पहुंचे सीएम धामी
तभी चालक ने बरसाती नाले में वाहन डाल दिया। जब यह नाले के तेज़ बहाव में पहुंचे तो बाइक बह गई। यह दोनों रपटे से बहते हुए नीचे जा गिरे। स्थानीय लोगो ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस ने फायरकर्मियों को सूचित किया। स्थानीय लोगों की मदद से टीम ने सुरेश और रीता को बाहर निकाला। इसके बाद बाइक को भी नाले से बाहर निकाला गया।