रामनगर के मोहान क्षेत्र में वनाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए मुख्य वन संरक्षक कुमाऊ
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। रामनगर के मोहन में हिंसक हुए बाघ को बेहोशी (ट्रेंक्युलाइज) करने की तैयारी वन विभाग ने कर ली है। विभाग ने बाइक सवार युवक को मारने के मामले में दो बाघ चिह्नित किए हैं। कैमरा ट्रैप में दो बाघों और एक बाघिन का मूवमेंट दर्ज हो रहा है। वन कर्मियों की टीम नजर बनाए हुए है।
कॉर्बेट के पशु चिकित्सक डॉ. दुष्यंत शर्मा लगातार टीम के साथ गश्त कर रहे हैं। बाघों का मूवमेंट जानने के लिए ड्रोन कैमरे की भी सहायता ली जा रही है। कॉर्बेट निदेशक धीरज पांडे ने बताया कि दो बाघ चिह्नित हुए हैं। बाघ को ट्रेंक्युलाइज करने के लिए कॉर्बेट के मंदाल रेंज, सर्पदुली रेंज और रामनगर वन प्रभाग के कोसी रेंज की टीमें संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही हैं।
मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं ने किया स्थलीय निरीक्षण
रामनगर (नैनीताल)। मोहान में मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं व वन संरक्षक पश्चिमी वृत्त ने स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं प्रसन्न कुमार पात्रो, वन संरक्षक पश्चिमी वृत्त दीप चंद्र आर्य ने वन कर्मियों को क्षेत्र में अतिरिक्त गश्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाघ पकड़ने के लिए एक अतिरिक्त पिंजरा लगाने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ चंद्रशेखर जोशी, प्रभागीय वन अधिकारी अतिरिक्त भूमि संरक्षण वन प्रभाग नवीन पंत, रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ पूनम कैंथोला, पार्क वार्डन अमित ग्वासाकोटी, कोसी रेंजर शेखर तिवाड़ी आदि मौजूद रहे। (संवाद)