भीमताल (नैनीताल)। धारी ब्लॉक सभागार में बुधवार को आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ग्रामीणों की जनसमस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने च्यूरीगाड़ जूनियर हाईस्कूल में शिक्षकों के नहीं होने पर विद्यालय बंद होने की समस्या से अवगत कराया। कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के कई किमी दूर अन्य विद्यालयों में जाना पड़ रहा है। मंत्री के आदेशों के बाद दो शिक्षकों को विद्यालय में तैनात किया गया है। कैबिनेट मंत्री ने राशन कार्ड बनाने के लिए गांवों में शिविर लगाने को कहा। कहा कि पीएमजीएसवाई के तहत भेजे गए 32 सड़कों के प्रस्तावों में से 17 को शासन से स्वीकृति मिल गई है। जंगली जानवरों के चलते फसलों को नुकसान की समस्या पर सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि जिले के प्रत्येक विकासखंड में प्रथम चरण में पांच गांवों का चयन कर तारबाड़, सोलर फेंसिंग और सोलर लाइटिंग का काम किया जाएगा। उन्होंने बीडीओ को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर प्रस्ताव भेजने को कहा। यहां मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, ज्येष्ठ प्रमुख नंदाबल्लभ, गीता बिष्ट, रेखा देवी आदि मौजूद रहे।